सीए फाइनल परीक्षा में रांची का शानदार प्रदर्शन, प्रखर आर्यन बने टॉपर

रांची। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) द्वारा आयोजित मई-2026 सीए फाइनल परीक्षा के परिणाम गुरुवार को घोषित किए गए। रांची केंद्र के विद्यार्थियों ने इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया। दोनों ग्रुप में शामिल 89 परीक्षार्थियों में से 14 छात्र सफल हुए हैं।

रांची केंद्र में प्रखर आर्यन अव्वल

रांची केंद्र में प्रखर आर्यन ने 389 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं आस्था मिमानी 372 अंकों के साथ दूसरे, कृष जायसवाल 370 अंकों के साथ तीसरे, विशेष गखर 342 अंकों के साथ चौथे और विशेष जैन 330 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

रांची केंद्र से दोनों ग्रुप में 14 छात्र सफल हुए, जबकि द्वितीय ग्रुप में 10 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। इसके अलावा केवल प्रथम ग्रुप में शामिल 117 छात्रों में से 7 और केवल द्वितीय ग्रुप में शामिल 60 छात्रों में से 13 छात्र परीक्षा उत्तीर्ण हुए।

राष्ट्रीय स्तर पर नूर सिंगला ने किया टॉप

अखिल भारतीय स्तर पर नूर सिंगला ने 600 में 499 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर ऋतिज सर्राफ और तीसरे स्थान पर सोहन अनिल मांजरेकर रहे।

आईसीएआई के अनुसार इस परीक्षा में प्रथम ग्रुप का उत्तीर्ण प्रतिशत 12 प्रतिशत, द्वितीय ग्रुप का 20.49 प्रतिशत और दोनों ग्रुप में शामिल परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 14.07 प्रतिशत रहा।

आईसीएआई ने दी सफल छात्रों को बधाई

आईसीएआई रांची शाखा के अध्यक्ष अनीश जैन और सीए स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हरेन्दर भारती ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सीए परीक्षा देश की सबसे कठिन व्यावसायिक परीक्षाओं में से एक है और यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण का परिणाम है।

वहीं आईसीएआई के अध्यक्ष प्रसन्ना कुमार डी ने नव-उत्तीर्ण चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईमानदारी, नैतिकता और समाज सेवा के मूल्यों के साथ वे देश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *