लातेहार। गुमला जिले के प्रसिद्ध टांगीनाथ धाम से पूजा-अर्चना कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक सवारी गाड़ी शनिवार देर रात लातेहार जिले के गारू थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटाम मोड़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 10 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें पांच की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया।
कोटाम मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलटी गाड़ी
जानकारी के अनुसार लातेहार थाना क्षेत्र के श्रद्धालु एक सवारी वाहन रिजर्व कर टांगीनाथ धाम दर्शन के लिए गए थे। शनिवार रात लगभग 11 बजे सभी श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कोटाम मोड़ के समीप वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में वाहन पर सवार लगभग सभी लोगों को चोटें आईं, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में बजरंग प्रसाद, रोहित कुमार, रंभा देवी, अनीता देवी, सोनी देवी समेत कुछ बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस ने चलाया राहत अभियान
घटना की सूचना मिलते ही गारू थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।
जांच में जुटी पुलिस
गारू थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
