रांची। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव को लेकर आंदोलनकारी छात्रों ने राज्य के सभी जिलों के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से रांची पहुंचने की अपील की है। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने अपने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में कहा है कि छात्र 8 और 9 अगस्त से ही बस और ट्रेन के माध्यम से रांची पहुंचना शुरू करें, ताकि 10 अगस्त के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
प्रशासनिक रोक की आशंका
आंदोलनकारियों का दावा है कि 10 अगस्त को रांची आने वाले छात्रों को प्रशासन की ओर से रोका जा सकता है। इसी कारण दो दिन पहले राजधानी पहुंचने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि आंदोलन की शुरुआत के दौरान हजारीबाग से आने वाली कई बसों को भी रोके जाने का दावा किया गया था।
जयपाल सिंह स्टेडियम में रहने-खाने की व्यवस्था
छात्र संगठनों ने झारखंड के सभी 24 जिलों के छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और लाइब्रेरी संचालकों से भी आंदोलन में सहयोग करने की अपील की है। रांची पहुंचने वाले छात्रों के लिए जयपाल सिंह स्टेडियम को ठहरने का स्थान बताया गया है, जहां आंदोलनकारियों के अनुसार रहने और भोजन की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। छात्रों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपने अधिकारों की लड़ाई में एकजुट होने का आह्वान किया गया है।


