Homeझारखंडविश्व ओलंपिक दिवस पर रांची में मैराथन दौड़, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

विश्व ओलंपिक दिवस पर रांची में मैराथन दौड़, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

रांची। विश्व ओलंपिक दिवस के अवसर पर मंगलवार को झारखंड सरकार के खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय और रांची जिला खेल कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में विशेष मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, खेलो इंडिया केंद्र, आवासीय एवं डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्रों तथा जेएसएसपीएस के सैकड़ों खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पूर्व ओलंपियन मनोहर टोपनो रहे मुख्य अतिथि

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 1984 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके पूर्व ओलंपियन मनोहर टोपनो थे। उनके साथ खेल उपनिदेशक निर्भय कुमार, जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह, डीआरडीए परियोजना निदेशक ऋतुराज और जेएसएसपीएस की पुष्पा हांसदा भी मौजूद रहीं।

मैराथन में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

आयोजित मैराथन दौड़ में महिला वर्ग में ममता कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया। रितु कुमारी दूसरे और जेएसएसपीएस की संजना कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में भारतीय सेना के गुरु लाल सिंह विजेता बने, जबकि शारद अहीक दूसरे और जानकी कुमार तीसरे स्थान पर रहे।

एशिया कप पदक विजेता खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान ओमान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाली झारखंड की खिलाड़ियों नीलम टोपनो, खोली कुमारी, सुगम सांगा और श्रुति कुमारी को सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों के साथ उनकी कोच करुणा पूर्ति को भी विशेष सम्मान दिया गया।

ओलंपिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान

मुख्य अतिथि मनोहर टोपनो ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड हॉकी प्रतिभाओं की धरती है और राज्य की बेटियां लगातार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

कार्यक्रम में खेल विभाग के अधिकारियों, प्रशिक्षकों, जिला ओलंपिक संघ के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने भाग लिया। आयोजन के माध्यम से युवाओं में खेल भावना और ओलंपिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments