अंधविश्वास की प्रकाष्ठा : डायन-बिसाही के शक में जेठ ने गर्भवती भाभी और मासूम भतीजी की कुल्हाड़ी से हत्या, गिरफ्तार

पश्चिमी सिंहभूम। मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तोरलो गांव में अंधविश्वास और पारिवारिक विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। डायन-बिसाही के शक में एक व्यक्ति ने अपनी गर्भवती भाभी और आठ वर्षीय भतीजी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

स्कूल से लौटी बच्ची पर किया हमला

जानकारी के अनुसार, मृतका ननिका बिरुवा की आठ वर्षीय बेटी शर्मिला बिरुवा स्कूल से लौटकर घर के बाहर खाना खा रही थी। इसी दौरान उसका जेठ रमाये बिरुवा कथित रूप से नशे की हालत में कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और बच्ची पर अचानक हमला कर दिया। सिर और कनपटी पर कई वार किए जाने से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।

बेटी को बचाने पहुंची मां की भी हत्या

बेटी की चीख सुनकर गर्भवती ननिका बिरुवा उसे बचाने दौड़ी, लेकिन आरोपित ने उस पर भी कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और गर्दन पर गंभीर वार से उसकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घर में मौजूद अन्य बच्चे किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

पति बैल चराने गया था

घटना के समय मृतका का पति दोकोल सिंह बिरुवा बैल चराने गया हुआ था। घर लौटने पर उसने पत्नी और बेटी के शव खून से लथपथ पड़े देखे। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

अंधविश्वास और पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपित रमाये बिरुवा की शादी पांच वर्ष पहले हुई थी, लेकिन उसकी कोई संतान नहीं थी। वह अक्सर नशे में रहता था और पत्नी के साथ मारपीट करता था। पुलिस के अनुसार, वह अपनी भाभी पर डायन-बिसाही का शक करता था और पारिवारिक विवाद भी चल रहा था। इन्हीं कारणों से उसने इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया।

जंगल से लौटते ही पुलिस ने दबोचा

घटना के बाद आरोपित जंगल की ओर फरार हो गया था। मंझारी थाना पुलिस ने लगातार छापेमारी की और रविवार तड़के जब वह अपने घर लौटा तो पहले से घात लगाए पुलिस दल ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

मंझारी थाना प्रभारी दिलीप सहाय मांझी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला डायन-बिसाही के शक और आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *