लोहरदगा। लोहरदगा थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के पास से 7.40 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन और 3,015 रुपये नकद बरामद किए हैं।
खाली मकान में चल रहा था अवैध कारोबार
पुलिस को ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद अलीनगर स्थित एक खाली मकान में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपितों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों आरोपित न्यायिक हिरासत में भेजे गए
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान टोरी थाना क्षेत्र निवासी इसरोज अंसारी उर्फ हेदर (27) और हिरही बड़काटोली निवासी जावेद अंसारी उर्फ बिल्ला (25) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ लोहरदगा थाना कांड संख्या 89/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 21(बी), 22(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। रविवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
तीन बड़ी और 20 छोटी पुड़िया बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपितों के कब्जे से ब्राउन शुगर की तीन बड़ी और 20 छोटी पुड़िया, एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 3,015 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
दोनों का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपितों का आपराधिक इतिहास रहा है। इसरोज अंसारी के खिलाफ पहले से लोहरदगा थाना में मामला दर्ज है। वहीं जावेद अंसारी के विरुद्ध लोहरदगा, पतरातू और कुडू थाना क्षेत्रों में चोरी, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं।
नशे के कारोबार पर अभियान रहेगा जारी
यह कार्रवाई सदर अंचलाधिकारी रामनारायण खलखो की उपस्थिति में लोहरदगा थाना पुलिस और सशस्त्र बल की संयुक्त टीम ने की। पुलिस ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
