पुरुलिया रेलवे स्टेशन पर 15 चोरी के मोबाइल बरामद, दो महिलाएं गिरफ्तार

पुरुलिया। पुरुलिया रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में चोरी के 15 एंड्रॉयड मोबाइल फोन के साथ दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। दोनों पर विभिन्न ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों के मोबाइल चोरी कर बेचने का आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संयुक्त चेकिंग अभियान में हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब छह बजे पुरुलिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन पर जीआरपी एवं आरपीएफ की संयुक्त टीम अपराध निरोधक जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर स्टेशन पर एक बेंच पर बैठी दो महिलाओं पर पड़ी, जिनके पास दो सफेद प्लास्टिक बैग रखे थे। संदेह होने पर महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में दोनों की तलाशी ली गई।

तलाशी में मिले 15 मोबाइल फोन

पुलिस ने दोनों महिलाओं की पहचान रामकली देवी सिंह (29) और राप्ती देवी सिंह (39) के रूप में की। दोनों बलरामपुर थाना क्षेत्र के पार्कीडीह और छुटकीडीह की रहने वाली हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से 15 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में वे मोबाइल फोन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं।

चलती ट्रेनों में चोरी करने की स्वीकारोक्ति

कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अलग-अलग ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी किए थे और उन्हें बेचने के लिए ले जा रही थीं। इसके बाद पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में सभी मोबाइल जब्त कर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।

मामले की जांच जारी

जीआरपी ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पश्चिम बंगाल पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान और पूरे गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *