रामगढ़ में खौफनाक वारदात: जमीन विवाद में सब-रजिस्ट्रार की लाठी-पत्थरों से पीटकर बेरहमी से हत्या, 4 हिरासत में

मांडू (रामगढ़)। झारखंड के रामगढ़ जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दुखद खबर सामने आई है। यहाँ के मांडू थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर गिरिडीह के सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की लाठी-डंडों, ईंट और पत्थरों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बालेश्वर पटेल हूल दिवस की छुट्टी पर अपने पैतृक गाँव आए हुए थे। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर है।

सुबह के वक्त अपनी जमीन पर बोरिंग देखने गए थे सब-रजिस्ट्रार

घटना मंगलवार सुबह की है। बताया जा रहा है कि लगभग 53 वर्षीय बालेश्वर पटेल ने कुछ महीने पहले ही गांव के ही एक परिवार से करीब 11 डिसमिल जमीन खरीदी थी और उसकी कानूनी रजिस्ट्री भी कराई थी। इस जमीन पर उन्होंने घर बनाने के लिए डीप बोरिंग करवाई थी। मंगलवार की सुबह जब वह अपनी इस नई जमीन पर लगे समर्सिबल पंप और बोरिंग में पाइप डालने का काम देखने पहुंचे, तभी वहाँ विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते करीब एक दर्जन महिला और पुरुषों ने उन पर लाठी-डंडों और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया।

अस्पताल पहुँचने से पहले ही दम तोड़ा, नेताओं और ग्रामीणों की जुटी भीड़

इस बर्बर हमले में बालेश्वर पटेल को गंभीर चोटें आईं और वह वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़े। कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश भी की, लेकिन हमलावर किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे। घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें आनन-फानन में राँची रोड स्थित ‘दी होप हॉस्पिटल’ लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही मांडू विधायक तिवारी महतो, जिला परिषद सदस्य सर्वेश सिंह और स्थानीय मुखिया समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुँच गए।

पत्नी ने दर्ज कराया केस, साजिश रचने का लगाया आरोप

मृतक की पत्नी रीता देवी ने इस मामले में मांडू थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत में रामू साव उर्फ ज्ञानी साव, विष्णु कुमार, संतोष साव उर्फ पम्पम, पूजा देवी, रूबी देवी, शकुंतला देवी, नन्दु और डोली कुमारी सहित कुल आठ लोगों को नामजद किया है। इसके साथ ही उन्होंने हुवाग गाँव के हेमंत पांडे और दिनेश्वर साव पर भी इस पूरी वारदात की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए वहाँ से भाग निकले।

पुलिस का बड़ा एक्शन: एसपी ने बनाई स्पेशल टीम, चार आरोपी दबोचे

घटना की जानकारी मिलते ही मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रामगढ़ के एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत एक स्पेशल टीम (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक एक महिला और तीन पुरुषों समेत कुल चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और जल्द ही सभी दोषियों को सख्त सजा दिलाने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *