डीपीएल सीजन-3 की नीलामी कल

नई दिल्ली : दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) टी-20 के तीसरे सीजन के लिए खिलाड़ियों की बहुप्रतीक्षित नीलामी 1 जुलाई को नई दिल्ली में होगी। सुबह 9 बजे शुरू होने वाली इस नीलामी में आठ पुरुष और चार महिला फ्रेंचाइजी आगामी सीजन के लिए अपनी-अपनी टीमों का गठन करेंगी।

इस बार नीलामी में 600 से अधिक खिलाड़ी शामिल होंगे। इनमें 400 से अधिक पुरुष और 200 से ज्यादा महिला खिलाड़ी शामिल हैं। नीलामी से पहले फ्रेंचाइजी 65 पुरुष और 28 महिला खिलाड़ियों को रिटेन कर चुकी हैं।

दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा कि खिलाड़ियों की नीलामी दिल्ली क्रिकेट कैलेंडर का सबसे रोमांचक आयोजन है। उन्होंने कहा, “यही वह दिन है जब टीमें आकार लेती हैं और फ्रेंचाइजी पूरे सीजन की रणनीति तय करती हैं। डीपीएल अब दिल्ली क्रिकेट का ऐसा मंच बन चुका है, जहां स्थापित खिलाड़ियों के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं को भी अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलता है।”

पुरुष एवं महिला फ्रेंचाइजी पर्स

आठों पुरुष फ्रेंचाइजी को 1.50 करोड़ रुपये का पर्स आवंटित किया गया था। रिटेन खिलाड़ियों पर खर्च की गई राशि काटने के बाद बची रकम के साथ टीमें नीलामी में उतरेंगी, जबकि चारों महिला फ्रेंचाइजी को 75 लाख रुपये का पर्स दिया गया है, जिसमें से रिटेन खिलाड़ियों की राशि पहले ही समायोजित की जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *