बेंगलुरु। कर्नाटक के बेंगलुरु दक्षिण तालुक के मादपट्टण गांव स्थित कावेरी क्रशर पत्थर खदान में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। करीब 40 फीट ऊंचाई से विशाल चट्टान गिरने से 7 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का आरआर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
40 फीट ऊंचाई से गिरी चट्टान
पुलिस के अनुसार हादसे के समय खदान में 10 से 15 उत्तर भारतीय मजदूर और 2 से 3 स्थानीय श्रमिक काम कर रहे थे। अचानक विशाल चट्टान टूटकर नीचे गिर गई, जिससे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। मृतकों में मध्य प्रदेश के राजपाल सिंह, सत्यनारायण सिंह, रामअवतार सिंह, भुवनेश्वर सिंह और राजेंद्र प्रसाद, छत्तीसगढ़ के नूहर तथा कर्नाटक के रामु शामिल हैं।
जांच शुरू, कार्रवाई की मांग तेज
केंद्रीय परिक्षेत्र के आईजीपी गिरीश ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय विधायक एसटी सोमशेखर ने खदान सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और खदान संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि खदानों में मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना संचालकों की जिम्मेदारी है और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।
