Homeराजनीतियोगी कैबिनेट का बड़ा फैसला, जलालाबाद का नाम बदलकर होगा परशुरामपुरी

योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला, जलालाबाद का नाम बदलकर होगा परशुरामपुरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद कस्बे का नाम बदलकर परशुरामपुरी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी।

जलालाबाद अब कहलाएगा परशुरामपुरी

कैबिनेट बैठक के बाद वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि शाहजहांपुर का जलालाबाद भगवान परशुराम की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है और इसका उल्लेख पौराणिक ग्रंथों में भी मिलता है। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की मांग तथा केंद्र सरकार से अनापत्ति मिलने के बाद कैबिनेट ने कस्बे का नाम बदलकर परशुरामपुरी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

खिलाड़ियों को मिलेगी सीधी भर्ती

कैबिनेट ने ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों की सीधी भर्ती के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी। इसके तहत क्रीड़ाधिकारी के नौ, जिला युवा कल्याण अधिकारी के तीन और उप क्रीड़ाधिकारी के 23 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी।

अन्य प्रमुख फैसले

बैठक में गोरखपुर और मुरादाबाद नगर निगम के लिए म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने तथा अवस्थापना विकास निधि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। गोरखपुर में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के 100 बेड के अस्पताल की स्थापना के लिए भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी स्वीकृत हुआ।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश होमगार्ड विभाग के स्वयंसेवकों, अवैतनिक अधिकारियों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने तथा उत्तर प्रदेश डाटा सेंटर नीति सहित कई अन्य प्रस्तावों पर भी कैबिनेट ने मुहर लगाई।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments