अररिया। फारबिसगंज के डाक हरिपुर पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान हलहलिया पंचायत के सुखसेना स्थित मांस फैक्ट्री को बंद करने की मांग प्रमुख मुद्दा बनकर उभरी। बड़ी संख्या में ग्रामीण हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे और जनहित में फैक्ट्री बंद कराने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का ध्यान इस ओर आकर्षित किया।
मुख्यमंत्री के सभा स्थल पर पहुंचते ही ग्रामीणों ने मांस फैक्ट्री के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को शांत कराया, लेकिन ग्रामीणों ने लगातार अपनी मांग दोहराई। इस दौरान पूर्व मुखिया सुनील मंडल, अनमोल मंडल, प्रदीप ऋषिदेव सहित कई लोगों ने मुख्यमंत्री को आवेदन सौंपकर फैक्ट्री बंद कराने की मांग की।
सांसद-विधायक ने भी उठाया मुद्दा
स्थानीय विधायक मनोज विश्वास ने अपने संबोधन में कहा कि हलहलिया क्षेत्र में संचालित तीन मांस फैक्ट्रियों के कारण पर्यावरण और जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने वायु और जल प्रदूषण, दुर्गंध तथा लोगों में बीमारियां फैलने की आशंका जताते हुए फैक्ट्रियों को बंद करने की मांग की।
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने भी कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की समस्या से अवगत कराया है और उम्मीद जताई कि सरकार जनहित में उचित निर्णय लेगी।
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के निर्देश
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि मांस फैक्ट्री के संचालन, प्रदूषण नियंत्रण और अन्य निर्धारित मानकों की जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
