भदोही। पूर्व विधायक और बाहुबली विजय मिश्रा के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत भदोही पुलिस ने महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में स्थित उनकी 100 करोड़ 25 लाख रुपये मूल्य की दाल मिल कुर्क कर ली है। पुलिस का दावा है कि यह संपत्ति अपराध से अर्जित अवैध धन से बनाई गई थी। इस कार्रवाई के साथ ही विजय मिश्रा गैंग की अब तक करीब 2.5 अरब रुपये की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं।
महाराष्ट्र में की गई बड़ी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, धाराशिव जिले में स्थित लल्ली एग्रो इंडस्ट्रीज (दाल मिल) को गैंगस्टर अधिनियम की धारा 14(1) के तहत कुर्क किया गया। जिलाधिकारी के आदेश पर महाराष्ट्र पुलिस और स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में पूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर संपत्ति को सरकारी कब्जे में ले लिया गया।
जांच में सामने आया कि दाल मिल का निर्माण कथित रूप से अपराध से अर्जित अवैध धन से किया गया था। इसे गैंग की आर्थिक ताकत पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
अब तक 2.5 अरब रुपये की संपत्ति कुर्क
भदोही पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2022 से 2025 के बीच विजय मिश्रा गैंग की 2 अरब 41 करोड़ रुपये से अधिक की चल और अचल संपत्तियां कुर्क की जा चुकी थीं। ताजा कार्रवाई में 100 करोड़ से अधिक मूल्य की दाल मिल जब्त होने के बाद कुल कुर्क संपत्ति का आंकड़ा करीब 2.5 अरब रुपये तक पहुंच गया है।
पुलिस का कहना है कि उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
परिवार को भी हो चुकी है सजा
पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अदालत ने प्रभावी पैरवी के बाद विजय मिश्रा, उनकी पत्नी और पुत्र को 10-10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी। वहीं पुत्रवधू को चार वर्ष के कठोर कारावास का दंड मिला। सभी दोषियों पर कुल 5 लाख 26 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया।
एसपी बोले— अपराध की कमाई का होगा हिसाब
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कहा कि अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें कुर्क करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अपराध कर बनाई गई संपत्ति चाहे किसी भी राज्य में हो, कानून उसके खिलाफ कार्रवाई करेगा।
