समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले में मंगलवार देर रात दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर दरिया गांव में हुई इस दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस प्रारंभिक जांच में गैंगवार की आशंका जता रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
फोन कर घर से बुलाया, फिर बरसाईं गोलियां
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान प्रभात चौधरी और सन्नी कुमार के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि प्रभात को देर रात किसी ने मोबाइल पर फोन कर घर से बुलाया। वह अपने साथी सन्नी कुमार के साथ बागमती नदी के नामापुर दरियापार इलाके में मिलने पहुंचा। जैसे ही दोनों पुल के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए 8 से 10 बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
प्रभात चौधरी के सिर में कई गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सन्नी कुमार जान बचाकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर उसे भी गोली मार दी। उसके पीठ और पैर में गोली लगने से उसकी भी घटनास्थल पर मौत हो गई।
एफएसएल टीम जांच में जुटी, आरोपितों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही चकमेहसी थाना पुलिस और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
मृतक पर पहले से दर्ज थे कई मामले
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 संजय कुमार ने बताया कि मृतक प्रभात चौधरी के खिलाफ शराब तस्करी, हत्या और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज थे। वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस हत्या के पीछे आपराधिक रंजिश और गैंगवार सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
