जम्मू। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जम्मू-कश्मीर का अपना दो दिवसीय दौरा बीच में ही समाप्त कर अचानक दिल्ली लौटने का निर्णय लिया। कार्यक्रम में बदलाव के कारण उन्होंने माता वैष्णो देवी के दर्शन का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम भी रद्द कर दिया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उन्हें संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों के चलते तत्काल दिल्ली लौटना पड़ा।
संगठनात्मक बैठकों के बाद बदला कार्यक्रम
भाजपा अध्यक्ष के रूप में जम्मू-कश्मीर के पहले दौरे पर पहुंचे नितिन नवीन ने जम्मू स्थित पार्टी मुख्यालय में सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ संयुक्त बैठक की। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अम्फल्ला स्थित केशव भवन का भी दौरा किया और वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात की। साथ ही डोगरा चौक पहुंचकर भारतीय जनसंघ के नेता प्रेमनाथ डोगरा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पार्टी की जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रवक्ता आर.एस. पठानिया ने बताया कि प्रारंभिक कार्यक्रम के अनुसार नितिन नवीन को अलग-अलग बैठकों के अलावा युवा सम्मेलन को भी संबोधित करना था, लेकिन समय की कमी और कार्यक्रम में बदलाव के कारण सभी बैठकों को एक संयुक्त बैठक में आयोजित किया गया तथा अन्य कार्यक्रम रद्द कर दिए गए।
वैष्णो देवी दर्शन नहीं कर सके
दौरे के दूसरे दिन नितिन नवीन को रियासी जिले स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करनी थी, लेकिन अचानक कार्यक्रम बदलने के कारण यह यात्रा भी स्थगित करनी पड़ी।
पार्टी की ओर से कार्यक्रम में बदलाव का आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है। हालांकि, पार्टी सूत्रों का कहना है कि संगठन से जुड़े आवश्यक कार्यों के कारण उन्हें तत्काल दिल्ली लौटना पड़ा, जहां एक महत्वपूर्ण बैठक में उनकी मौजूदगी जरूरी थी।
बैठक के दौरान जम्मू-कश्मीर में भाजपा संगठन को मजबूत करने, राष्ट्रवादी विचारधारा के विस्तार, जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता बढ़ाने तथा सुरक्षा और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
