घर में घुसकर युवती से अभद्रता, विरोध पर भाई पर हमला, नौ लोगों पर मामला दर्ज

महोबा। बुंदेलखंड के महोबा जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती के घर में घुसकर उसके साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपित ने उसके भाई पर डंडे से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घर में घुसकर की अभद्रता, भाई को डंडे से किया घायल

पीड़िता के अनुसार, 30 जून की देर शाम वह घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान गांव निवासी करन घर में घुस आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने युवती का गला दबाया, उसके कपड़े फाड़ दिए और अभद्रता की। शोर सुनकर बचाव के लिए पहुंचे युवती के भाई पर आरोपी ने डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया।

पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद करन ने अपने भाई भान, परमेश्वरी दयाल और अन्य परिजनों के साथ मिलकर दोनों भाई-बहन की जमकर पिटाई की।

पुलिस ने नौ आरोपितों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर करन, उसके भाई भान, परमेश्वरी दयाल समेत नौ आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शिवम पांडेय को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *