एथेंस/बर्लिन। ग्रीस से जर्मनी जा रहे रायनएयर के बोइंग 737 विमान में उड़ान के दौरान खिड़की टूटने से अफरातफरी मच गई। घटना में खिड़की के पास बैठे 61 वर्षीय यात्री घायल हो गए। पायलट ने तुरंत विमान को वापस थेसालोनिकी हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा। एयरलाइन और विमान निर्माता कंपनी बोइंग ने घटना की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है।
उड़ान भरने के कुछ देर बाद आई तकनीकी समस्या
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार को फ्लाइट एफआर1879 में हुई, जो ग्रीस के थेसालोनिकी से जर्मनी के मेमिंगेन जा रही थी। इस उड़ान का संचालन माल्टा एयर, रायनएयर के लिए कर रही थी।
बताया गया कि उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद विमान में तकनीकी समस्या सामने आई। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि इंजन से निकला मलबा विमान के बाहरी हिस्से से टकराया, जिससे केबिन की एक खिड़की क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
खिड़की के पास बैठे यात्री हुए घायल
घटना में खिड़की के पास बैठे सर्बिया के 61 वर्षीय यात्री तेज हवा और केबिन के दबाव में बदलाव के कारण घायल हो गए। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
रिपोर्टों के मुताबिक, यात्री ने सीट बेल्ट पहन रखी थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि उनकी पत्नी और अन्य यात्रियों ने उन्हें संभालकर सुरक्षित सीट पर बनाए रखा।
ऑक्सीजन मास्क खुले, केबिन में मची अफरातफरी
घटना के बाद विमान के केबिन में दहशत फैल गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में क्षतिग्रस्त खिड़की दिखाई दे रही है। कुछ रिपोर्टों के अनुसार, केबिन का दबाव कम होने पर ऑक्सीजन मास्क भी स्वतः नीचे आ गए।
रायनएयर और बोइंग ने शुरू की जांच
रायनएयर ने बयान जारी कर कहा कि थेसालोनिकी से मेमिंगेन जा रही उड़ान खिड़की टूटने की घटना के बाद एहतियातन सुरक्षित वापस लौट आई। प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई।
वहीं, बोइंग ने भी कहा है कि उसे घटना की जानकारी है और वह रायनएयर के संपर्क में है। फिलहाल खिड़की टूटने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।
