कोलकाता। दक्षिणेश्वर स्थित निवेदिता ब्रिज के नीचे सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह तक बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नेशनल हाईवे प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग और दक्षिणेश्वर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 196 अवैध दुकानें और बस गुमटियां हटाई गईं।
रातभर चला बुलडोजर अभियान
पूरी कार्रवाई दक्षिणेश्वर पीडब्ल्यूडी रोड पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच की गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। बुलडोजर की मदद से सड़क और पुल के नीचे बने अवैध ढांचों को हटाया गया।
दुकानदारों ने की पुनर्वास की मांग
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और दुकानदार मौके पर पहुंच गए। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें नहीं तोड़ने की अपील की। वहीं, जिनकी दुकानें हटाई गईं उन्होंने प्रशासन से वैकल्पिक स्थान और पुनर्वास की मांग की।
यातायात सुचारु रखने के लिए कार्रवाई
प्रशासन का कहना है कि सड़क और पुल के नीचे सार्वजनिक भूमि पर हुए अवैध कब्जों को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। पूरे घटनाक्रम पर स्थानीय लोगों और प्रभावित व्यापारियों की नजर बनी हुई है।
