पलामू। पलामू समाहरणालय में बुधवार को आयोजित समारोह में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने आईडीबीआई बैंक के सीएसआर फंड से 10 दिव्यांगजनों के बीच पेट्रोल चालित ट्राई स्कूटी का वितरण किया। इस दौरान उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, सदर अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक पांडे और बैंक के अधिकारियों ने भी लाभुकों को प्रतीकात्मक चाबी सौंपी।
दिव्यांगों की आत्मनिर्भरता पर जोर
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके आवागमन को आसान करने के उद्देश्य से ट्राई स्कूटी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से दिव्यांगजन अपने दैनिक कार्य अधिक आसानी से कर सकेंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनआकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है और विधायिका व कार्यपालिका के बेहतर समन्वय से विकास कार्यों में तेजी आई है।
सीडी रेशियो बढ़ाने की जरूरत
मंत्री ने कहा कि झारखंड में गुजरात, मुंबई और केरल की तरह बैंकों के सीडी रेशियो को बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और बैंक ऋण वितरण बढ़ाकर आर्थिक गतिविधियों को गति दे सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अब सरकार यह भी निगरानी कर रही है कि बैंक और बड़ी कंपनियां अपने सीएसआर फंड का उपयोग कहां और किस उद्देश्य से कर रही हैं।
सूखे की आशंका पर जताई चिंता
वर्तमान मौसम का जिक्र करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि कम बारिश के कारण इस वर्ष खेती प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि उपायुक्त ने भी संभावित सूखे की स्थिति को लेकर चिंता जताई है और समय रहते आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
जिला प्रशासन की पहल
उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि जिला प्रशासन समाज के वंचित और दिव्यांग वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सीएसआर फंड के माध्यम से जरूरतमंद दिव्यांगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इन दिव्यांगों को मिली ट्राई स्कूटी
छतरपुर प्रखंड के लालू यादव, बृजकिशोर सिंह, छोटे लाल साव, संतन माली, पाटन प्रखंड के उमत रसूल, रामप्रवेश मेहता, धीरेन्द्र कुमार, अशोक कुमार सिंह, पड़वा प्रखंड के राकेश कुमार बैठा तथा सुरेश पासवान को ट्राई स्कूटी प्रदान की गई।
