कोडरमा। जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र के बरियाडीह-तेतरोन मुख्य मार्ग पर बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बांसडीह (कारीपहरी) के पास हुआ।
ससुराल जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, लालूडीह निवासी अफसर अंसारी (25) अपनी बाइक से जयनगर थाना क्षेत्र के गरचांच स्थित ससुराल जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर डोंगोडीह निवासी सेफ अली सवार था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों को सदर अस्पताल, कोडरमा ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही अफसर अंसारी की मौत हो गई।
घायल रिम्स रेफर, जांच में जुटी पुलिस
गंभीर रूप से घायल सेफ अली का सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मरकच्चो थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को घटनास्थल से हटा चुके थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
