जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन के निकट सलगाझुड़ी रेलवे फाटक के पास बुधवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। हादसा अप लाइन पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रेन की टक्कर से महिला का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पहचान कराने का प्रयास जारी
जानकारी के अनुसार, सुबह फाटक पर तैनात एक रेलकर्मी ने रेलवे ट्रैक पर शव देखा और इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जांच में स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि महिला ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या की हो सकती है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव क्षत-विक्षत होने के कारण मृतका की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी। फिलहाल आरपीएफ और जीआरपी संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं।
