लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति तेज कर दी है। पार्टी 22 जुलाई को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में पहली बार एक साथ बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित करेगी। इसका उद्देश्य बूथ अध्यक्षों को चुनावी रणनीति, मतदाता संपर्क और संगठन विस्तार का प्रशिक्षण देकर उन्हें चुनावी अभियान का प्रमुख आधार बनाना है।
भाजपा का मानना है कि विधानसभा चुनाव की जीत बूथ स्तर की मजबूती पर निर्भर करती है। इसी सोच के साथ पार्टी ‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ के मंत्र पर काम करते हुए प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने की तैयारी में जुटी है।
1.77 लाख बूथों पर संगठन मजबूत करने की तैयारी
भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश के 1,77,516 बूथों पर पार्टी का संगठन सक्रिय है। 22 जुलाई को आयोजित होने वाले सम्मेलन में महानगर अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, जनप्रतिनिधि और अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों को मतदाता संपर्क, बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार और मतदान प्रतिशत बढ़ाने की रणनीति समझाई जाएगी।
पार्टी प्रत्येक बूथ अध्यक्ष को अपने क्षेत्र का राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक आधार मजबूत करने की जिम्मेदारी भी सौंपेगी। साथ ही बूथ स्तर का अद्यतन संगठनात्मक डाटा तैयार कर जवाबदेही तय की जाएगी।
वरिष्ठ नेता देंगे जीत का मंत्र
सम्मेलन में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय पदाधिकारी और अन्य वरिष्ठ नेता विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्षों को संबोधित करेंगे। पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर पर ऐसे कार्यकर्ता तैयार करना है, जो चुनाव तक मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखें और मतदान के दिन बूथ प्रबंधन की जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से निभाएं।
‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ अभियान पर रहेगा जोर
भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं बूथ सम्मेलन के प्रदेश संयोजक दिलीप पटेल ने बताया कि सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया जाएगा कि वे संगठन को कैसे मजबूत करें, मतदाताओं से संवाद कैसे बढ़ाएं और प्रत्येक बूथ पर पार्टी को अधिकतम मत दिलाने के लिए किस तरह काम करें। उन्होंने कहा कि संपर्क, संवाद और सहयोग के माध्यम से ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा।


