काठमांडू। नेपाल दूरसंचार प्राधिकरण (एनटीए) ने ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध वित्तीय गतिविधियों से जुड़ी 2.23 लाख से अधिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप को बंद कर दिया है। सरकार की शासकीय सुधार संबंधी 100 कार्यसूची के तहत यह कार्रवाई की गई है।
प्राधिकरण ने बताया कि सरकार के निर्देश के बाद सट्टेबाजी से जुड़े ऐप और वेबसाइटों को बंद करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। कार्रवाई के दौरान कुल 2,23,568 वेबसाइट और ऐप को निष्क्रिय किया गया।
विश्व कप के दौरान चलाया गया विशेष अभियान
एनटीए के अनुसार, पहले बंद की गई कई वेबसाइटें नए नामों से दोबारा सक्रिय हो रही थीं। इसे देखते हुए फीफा विश्व कप शुरू होने के बाद विशेष अभियान चलाया गया और बड़ी संख्या में नए सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म को ब्लॉक किया गया।
प्रधानमंत्री तथा मंत्रिपरिषद कार्यालय ने भी विश्व कप के दौरान सट्टेबाजी ऐप के बढ़ते इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए मामले में विशेष निगरानी शुरू की थी। इसके बाद एनटीए ने त्वरित कार्रवाई के लिए अलग कार्यबल का गठन किया।
कार्यबल में शामिल दूरसंचार सहायक निदेशक एवं इंजीनियर ओमप्रकाश महतो ने बताया कि विश्व कप शुरू होने के बाद इंटरनेट सेवा प्रदाताओं के प्रतिनिधियों को प्राधिकरण में तैनात किया गया और संदिग्ध वेबसाइटों को तुरंत बंद करने की प्रक्रिया अपनाई गई।
नई वेबसाइटों की पहचान बनी चुनौती
एनटीए अधिकारियों के मुताबिक, इतनी बड़ी संख्या में वेबसाइटों की पहचान करना आसान नहीं है। इसके लिए अधिकृत संस्थाओं से मिली जानकारी के आधार पर इंटरनेट सेवा प्रदाताओं की मदद से संदिग्ध वेबसाइटों को बंद किया जाता है।
अधिकारियों ने बताया कि एक वेबसाइट बंद होने के बाद दूसरी नई वेबसाइट शुरू हो जाना बड़ी चुनौती है। इसलिए लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रखी जा रही है।
प्राधिकरण ने अवैध प्लेटफॉर्म की पहचान के लिए विशेष तकनीकी उपकरणों का इस्तेमाल शुरू किया है। इसके तहत नए सट्टेबाजी और अवैध वित्तीय वेबसाइटों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
एनटीए ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी अवैध सट्टेबाजी या वित्तीय वेबसाइट की जानकारी मिलती है तो वे इसकी सूचना प्राधिकरण को दें।


