रांची। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिले की विभिन्न विकास परियोजनाओं, भू-अर्जन, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे और फ्लाईओवर परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों और कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने परियोजनावार अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की। उपायुक्त ने जनहित से जुड़ी सभी आधारभूत संरचना परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर जोर देते हुए लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए।
एनएचएआई और रेलवे परियोजनाओं में मुआवजा भुगतान पर जोर
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की नारो-टिकराटोली परियोजना के शेष रैयतों को जल्द मुआवजा भुगतान पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि निर्माण कार्य प्रभावित न हो। कोयलारी-रामपुर इंटरचेंज परियोजना में भी मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया।
रेलवे की लिंक लाइन लोधमा और इलू-सिल्ली परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने लंबित मुआवजा भुगतान निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
फ्लाईओवर और सड़क परियोजनाओं की नियमित निगरानी के निर्देश
पथ निर्माण विभाग की कांटाटोली-सिरमटोली फ्लाईओवर समेत अन्य सड़क परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान परियोजनाओं की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण हैं, इसलिए पात्र रैयतों को प्राथमिकता के आधार पर मुआवजा राशि का भुगतान किया जाए।
बैठक में अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, सहायक समाहर्ता आस्था शरण, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के.के. राजहंस, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक, पथ निर्माण विभाग के अभियंता तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


