नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु यूरोप के तीन देशों की सफल यात्रा पूरी करने के बाद रविवार को नई दिल्ली लौट आईं। राष्ट्रपति की इस यात्रा का उद्देश्य भारत और यूरोप के देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना रहा। राष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स हैंडल पर उनकी स्वदेश वापसी की जानकारी साझा की गई।
मोल्दोवा, उत्तरी मैसेडोनिया और रोमानिया का किया दौरा
राष्ट्रपति मुर्मु ने 20 जुलाई को मोल्दोवा से अपनी यात्रा की शुरुआत की। यह किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की मोल्दोवा की पहली आधिकारिक यात्रा थी। इसके बाद उन्होंने 21 और 22 जुलाई को उत्तरी मैसेडोनिया का दौरा किया, जहां उन्होंने संसद को संबोधित किया और भारत-उत्तरी मैसेडोनिया व्यापार मंच के उद्घाटन सत्र में हिस्सा लिया।
यात्रा के अंतिम चरण में राष्ट्रपति 23 जुलाई को रोमानिया पहुंचीं। तीन दशक से अधिक समय बाद किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष ने रोमानिया का दौरा किया। इस दौरान दोनों देशों ने अगले तीन वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने के लक्ष्य पर सहमति जताई। रक्षा सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
भारतीय समुदाय से भी की मुलाकात
स्वदेश लौटने से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रोमानिया में भारतीय समुदाय और ‘फ्रेंड्स ऑफ इंडिया’ संगठन के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरे में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया, सांसद दिनेश शर्मा और सांसद विजय बघेल भी उनके साथ मौजूद रहे।


