बर्लिन। जर्मनी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में शनिवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ। एक छोटा निजी विमान रिहायशी इलाके में स्थित एक मकान की छत पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार दोनों लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
मकान की छत में धंसा विमान
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना गैंडरकेजे क्षेत्र में हुई, जो ओल्डेनबर्ग के पास स्थित है। विमान सीधे एक मकान की ढलानदार छत से टकराया और छत में धंस गया। हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया।
प्रारंभिक जानकारी में एक व्यक्ति की मौत और दूसरे के लापता होने की बात कही गई थी। बाद में मलबा हटाने के दौरान दूसरे यात्री का भी शव बरामद हुआ। मृतकों की उम्र 65 और 77 वर्ष थी तथा दोनों जर्मनी के ब्रेमेन शहर के निवासी थे।
इलाका कराया गया खाली, जांच शुरू
दुर्घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के घरों को खाली करा लिया गया था। मलबा हटाने का कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को अपने घरों में लौटने की अनुमति दे दी गई।
अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दुर्घटना तकनीकी खराबी, मौसम की वजह से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।


