पटना। केंद्रीय मंत्री और जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने रविवार को बाढ़ में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में कहा कि बिहार में जब भी नए जिलों के गठन का निर्णय लिया जाएगा, तब बाढ़ को जिला बनाने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास के एजेंडे पर लगातार काम कर रही है और भविष्य में भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।
ललन सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य सरकार आगे भी आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देती रहेगी। उन्होंने कहा कि बाढ़ को जिला बनाने की मांग लंबे समय से उठती रही है और नए जिलों के गठन की प्रक्रिया शुरू होने पर इस मांग पर भी फैसला लिया जाएगा।
निशांत कुमार की भूमिका पर भी दिया बयान
अपने संबोधन के दौरान ललन सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकासवादी सोच को आगे बढ़ाने का काम निशांत कुमार करेंगे। उन्होंने कहा कि इसी सोच के तहत उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
अनंत सिंह के पुत्र अभिषेक का मंच पर स्वागत
जन संवाद कार्यक्रम के दौरान मोकामा के विधायक अनंत सिंह अपने पुत्र अभिषेक सिंह के साथ मंच पर पहुंचे। इस अवसर पर ललन सिंह ने अभिषेक सिंह का माला पहनाकर स्वागत किया और आशीर्वाद दिया। अभिषेक सिंह ने कहा, “राजनीतिक विरासत से नहीं, जनता के प्यार से पहचान मिलती है।” उनके इस बयान को क्षेत्रीय राजनीति में अहम संकेत माना जा रहा है।
कार्यक्रम में बाढ़-मोकामा क्षेत्र के कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख राजनीतिक चेहरों में राजा परीक्षित (संजीव जी) भी शामिल हुए। वहीं, स्वर्गीय ‘बिहार केसरी’ विवेका पहलवान के परिवार के सदस्यों का भी मंच पर सम्मान किया गया।
हालांकि, कार्यक्रम के दौरान विवेका पहलवान के परिवार या किसी अन्य व्यक्ति को विधान परिषद का टिकट मिलने की चर्चाएं जरूर रहीं, लेकिन जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई।


