पश्चिम बर्दवान। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने सोमवार सुबह पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर स्थित न्यू स्टील पार्क इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति के घर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाया और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों समेत कई दस्तावेजों की जांच की।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सात बजे एनआइए की दो टीमें स्थानीय पुलिस के साथ न्यू स्टील पार्क स्थित गुलाम रजा के घर पहुंचीं। इसके बाद पूरे घर को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने घर के दस्तावेज, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की। हालांकि एजेंसी ने अभी तक यह नहीं बताया है कि तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है या नहीं।
तीन साल पहले दुर्गापुर आया था परिवार
सूत्रों के अनुसार, गुलाम रजा मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। वह करीब तीन वर्ष पहले अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ दुर्गापुर के न्यू स्टील पार्क इलाके में आकर रहने लगा था।
किस मामले में कार्रवाई, नहीं हुआ खुलासा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई एनआइए की एक जांच के सिलसिले में की गई है। एजेंसी गुलाम रजा के संपर्कों, गतिविधियों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि छापेमारी किस मामले से जुड़ी है और किसी विशेष मामले में उसके संबंध की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
छापेमारी के दौरान इलाके में हलचल का माहौल रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार, जांच पूरी होने तक एनआइए अधिकारियों ने किसी को भी घर के अंदर या बाहर आने-जाने की अनुमति नहीं दी।


