कोलकाता। मशहूर फिल्म निर्देशक मणिरत्नम अपनी आगामी तमिल फिल्म की शूटिंग इन दिनों कोलकाता में कर रहे हैं। फिल्म में विजय सेतुपति और साई पल्लवी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। बुधवार से शुरू हुई शूटिंग अगले कुछ दिनों तक शहर के अलग-अलग इलाकों में जारी रहेगी।
ट्राम और ऐतिहासिक इलाकों में हुई शूटिंग
शूटिंग के दौरान साई पल्लवी को महाकरण (राइटर्स बिल्डिंग) के पास स्कूटी चलाते हुए एक दृश्य फिल्माते देखा गया। इसके बाद धर्मतला ट्राम डिपो में अभिनेत्री ने ट्राम के अंदर कई दृश्य शूट किए।
शूटिंग देखने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे। साई पल्लवी ने मुस्कुराकर प्रशंसकों का अभिवादन किया और कुम्हारटोली में प्रशंसकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
10 दिनों तक चलेगी कोलकाता में शूटिंग
फिल्म की शूटिंग प्रिंसेप घाट में भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच की गई। आने वाले दिनों में पार्क स्ट्रीट समेत कोलकाता के कई प्रमुख इलाकों में फिल्मांकन किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग करीब 10 दिनों तक कोलकाता में चलेगी। फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान तैयार कर रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले मणिरत्नम ने वर्ष 2004 में अपनी फिल्म ‘युवा’ की शूटिंग भी कोलकाता में की थी। इस फिल्म में अभिषेक बच्चन, अजय देवगन, विवेक ओबेरॉय, रानी मुखर्जी, करीना कपूर और ईशा देओल जैसे कलाकार नजर आए थे।


