नई दिल्ली। प्लास्टिक पैकेजिंग समाधान बनाने वाली कंपनी धवल पैकेजिंग लिमिटेड का 36.36 करोड़ रुपये का आईपीओ गुरुवार को सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया। निवेशक इस आईपीओ में 3 अगस्त तक बोली लगा सकते हैं। कंपनी के शेयर 6 अगस्त को बीएसई के एसएमई मंच पर सूचीबद्ध हो सकते हैं।
92 से 97 रुपये तय किया गया मूल्य दायरा
धवल पैकेजिंग के आईपीओ के लिए प्रति शेयर 92 रुपये से 97 रुपये का मूल्य दायरा तय किया गया है। इसमें एक लॉट में 1,200 शेयर शामिल हैं। खुदरा निवेशकों को न्यूनतम दो लॉट यानी 2,400 शेयरों के लिए आवेदन करना होगा, जिसके लिए 2,32,800 रुपये का निवेश करना होगा।
इस आईपीओ के तहत 10 रुपये अंकित मूल्य वाले कुल 37,48,800 नए शेयर जारी किए जा रहे हैं। आईपीओ बंद होने के बाद 4 अगस्त को शेयरों का आवंटन किया जाएगा, जबकि 5 अगस्त को शेयर निवेशकों के डीमैट खाते में जमा होंगे।
कंपनी के प्रदर्शन में लगातार सुधार
कंपनी की ओर से बाजार नियामक सेबी को जमा कराए गए दस्तावेजों के अनुसार, धवल पैकेजिंग की वित्तीय स्थिति में पिछले कुछ वर्षों में सुधार हुआ है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 1.55 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो 2024-25 में बढ़कर 6.04 करोड़ रुपये और 2025-26 में 8.04 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी का राजस्व भी लगातार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी का कुल राजस्व 48.08 करोड़ रुपये था, जो 2024-25 में बढ़कर 52.43 करोड़ रुपये और 2025-26 में 65.20 करोड़ रुपये पहुंच गया।
निवेशकों के लिए हिस्सेदारी तय
आईपीओ में योग्य संस्थागत खरीदारों के लिए 45.84 प्रतिशत हिस्सा आरक्षित किया गया है। खुदरा निवेशकों के लिए 32.14 प्रतिशत, गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए 13.80 प्रतिशत, बाजार निर्माता के लिए 5.02 प्रतिशत और कर्मचारियों के लिए 3.20 प्रतिशत हिस्सा निर्धारित है।
इस आईपीओ के लिए रेयरएवर फाइनेंशियल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड को प्रमुख प्रबंधक बनाया गया है, जबकि केफिन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड रजिस्ट्रार की भूमिका निभाएगी।
कंपनी के आंकड़ों के अनुसार, धवल पैकेजिंग का नेटवर्थ भी बढ़ा है। वित्त वर्ष 2023-24 में यह 4.10 करोड़ रुपये था, जो 2024-25 में बढ़कर 20.16 करोड़ रुपये और 2025-26 में 30.75 करोड़ रुपये हो गया।
वहीं, कंपनी का ईबीआईटीडीए वित्त वर्ष 2023-24 में 4.99 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 10.22 करोड़ रुपये और 2025-26 में 13.93 करोड़ रुपये पहुंच गया।


