Homeझारखंडखूंटीपीएमओ के अवर सचिव ने खूंटी में पद्मभूषण कड़िया मुंडा से की...

पीएमओ के अवर सचिव ने खूंटी में पद्मभूषण कड़िया मुंडा से की मुलाकात

खूंटी। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अवर सचिव प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने गुरुवार को अनिगड़ा स्थित आवास पर लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष और पद्मभूषण कड़िया मुंडा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच पीएम केयर्स फंड की उपलब्धियों, वर्तमान कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री के निर्देश पर अवर सचिव ने कड़िया मुंडा के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

पीएम केयर्स फंड की योजनाओं पर हुई चर्चा

प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान पीएम केयर्स फंड के माध्यम से देशभर के अस्पतालों में हजारों स्वदेशी वेंटिलेटर उपलब्ध कराए गए और ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित किए गए। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक योगदान के माध्यम से पीएम केयर्स फंड में अब तक 19,013.99 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हो चुकी है।

उन्होंने बताया कि पीएम केयर्स फंड फॉर चिल्ड्रेन योजना के तहत कोरोना महामारी में अनाथ हुए बच्चों को आर्थिक और स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की जा रही है। पात्र बच्चों को आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा और 23 वर्ष की आयु पूरी होने पर 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा सांसदों की अनुशंसा पर कैंसर पीड़ित मरीजों को तीन लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

सेवा केंद्र और शैक्षणिक संस्थानों का किया निरीक्षण

दौरे के दौरान अवर सचिव ने कड़िया मुंडा सेवा केंद्र, नेत्र अस्पताल, महात्मा एनडी ग्रोवर स्कूल, कुंजला और पेस्टोलॉजी चिल्ड्रन एजुकेशन सोसाइटी का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां रह रहे निराश्रित और मेधावी बच्चों से बातचीत की, संस्थानों की गतिविधियों की जानकारी ली और बच्चों के साथ भोजन भी किया।

इस अवसर पर कड़िया मुंडा ने नीबूचा बुनकर सहयोग समिति, तोड़गकेल की ओर से निर्मित हस्तनिर्मित शॉल अवर सचिव को भेंट किया। साथ ही प्रधानमंत्री के लिए अपना शुभकामना संदेश और आशीर्वाद पत्र भी उनके माध्यम से भेजा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments