Homeझारखंडचुट्टूपालू घाटी में दो ट्रकों की टक्कर, तीन घंटे बाद कार सवार...

चुट्टूपालू घाटी में दो ट्रकों की टक्कर, तीन घंटे बाद कार सवार महिला-पुरुष को सुरक्षित निकाला गया

रामगढ़। रामगढ़-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर स्थित चुट्टूपालू घाटी में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। एक अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। दोनों ट्रकों के बीच एक कार बुरी तरह फंस गई, जिसमें सवार महिला और पुरुष करीब तीन घंटे तक मलबे में दबे रहे।

हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। पुलिस और जिला प्रशासन की टीम ने लंबे रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों को जीवित बाहर निकाल लिया।

भारी मशीनों से चला तीन घंटे तक रेस्क्यू अभियान

जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक डिवाइडर पर चढ़ते हुए सामने से आ रहे ट्रक के ऊपर जा गिरा। दोनों ट्रकों के बीच कार पूरी तरह दब गई थी और उसका केवल एक छोटा हिस्सा ही दिखाई दे रहा था। अंदर फंसे लोगों की आवाज सुनने के बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

दोनों ट्रकों में भारी सामान लदा होने के कारण बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। पहले ट्रक से सामान उतारा गया, फिर क्रेन, हाइड्रा और अन्य भारी मशीनों की मदद से ट्रकों को हटाया गया। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद कार तक पहुंचकर उसमें फंसे महिला और पुरुष को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

हजारीबाग जा रहे थे दोनों कार सवार

बचाए गए लोगों में महिला ने भावुक होकर कहा कि यह ऊपरवाले की कृपा, लोगों के आशीर्वाद और रेस्क्यू टीम की मेहनत से संभव हो पाया। दोनों हजारीबाग मेडिकल कॉलेज जा रहे थे। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी और हाइड्रा की मदद से ट्रक हटाकर कार में फंसे दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments