HomeBreaking Newsअंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का खुलासा, तीन तस्कर गिरफ्तार

अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का खुलासा, तीन तस्कर गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम। एमजीएम थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 9.2 किलोग्राम गांजा, 31,360 रुपये नकद, एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपितों में बेको गांव निवासी मंतोष महतो उर्फ बुधू महतो (38) तथा पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बंदवान क्षेत्र निवासी शंभू गोराई (58) और प्राण कृष्ण गोराई (53) शामिल हैं।

घर से मिला 7.2 किलोग्राम गांजा

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शुभम खंडेलवाल ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 29 जुलाई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार के नेतृत्व में एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास और उनकी टीम ने बेको गांव में छापेमारी की।

तलाशी के दौरान मंतोष महतो के घर से 7.2 किलोग्राम गांजा, 6,400 रुपये नकद और एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया।

पश्चिम बंगाल से लाकर करता था अवैध बिक्री

पूछताछ में मंतोष महतो ने स्वीकार किया कि वह पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से गांजा मंगाकर अपने घर में छिपाता था और आसपास के क्षेत्रों में उसकी अवैध बिक्री करता था। उसने पुलिस को यह भी बताया कि बंदवान से दो अन्य तस्कर गांजा लेकर उसके घर आने वाले हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने बेको से छोटाबांकी गांव जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद बाइक से पहुंचे शंभू गोराई और प्राण कृष्ण गोराई को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से 2 किलोग्राम गांजा और 24,960 रुपये नकद बरामद किए गए।

तीनों आरोपित न्यायिक हिरासत में भेजे गए

पुलिस ने पूरी कार्रवाई के दौरान 9.2 किलोग्राम गांजा, 31,360 रुपये नकद, एक बाइक, एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक जियो कीपैड मोबाइल फोन और एक टचस्क्रीन मोबाइल फोन जब्त किया। तीनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments