मुंबई। रामानंद सागर की ‘रामायण’ में माता सीता का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने ‘रामायणम्’ में भगवान राम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर का खुलकर समर्थन किया है। सोशल मीडिया पर उनकी कास्टिंग को लेकर हो रही आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि एक अभिनेता को केवल एक फिल्म के आधार पर नहीं आंका जाना चाहिए।
‘हम अभिनेता हैं, ऊपर से नहीं आए’
एक साक्षात्कार में दीपिका चिखलिया ने कहा, “हम अभिनेता हैं, ऊपर से नहीं आए हैं। हमें अलग-अलग तरह के किरदार निभाने का अवसर मिलता है। अगर कोई ‘बर्फी’ कर सकता है, तो ‘एनिमल’ भी कर सकता है और यदि ‘एनिमल’ कर सकता है, तो राम का किरदार भी निभा सकता है।”
उन्होंने कहा कि रणबीर कपूर भाग्यशाली हैं कि उन्हें इतने विविध और चुनौतीपूर्ण किरदार निभाने का मौका मिल रहा है और यह किसी भी कलाकार के लिए अच्छी बात है।
साई पल्लवी पर भी जताया भरोसा
दीपिका चिखलिया ने ‘रामायणम्’ में सीता का किरदार निभा रहीं साई पल्लवी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उन्होंने साई पल्लवी की दक्षिण भारतीय फिल्में देखी हैं और उन्हें वह एक बेहतरीन अभिनेत्री लगती हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म रिलीज होने के बाद ही यह तय होगा कि वह सीता के किरदार में कैसी लगीं, लेकिन बिना फिल्म देखे किसी कलाकार की आलोचना करना उचित नहीं है।
‘रामायण’ की छाप मिटाना आसान नहीं
दीपिका ने यह भी कहा कि रामानंद सागर की ‘रामायण’ ने दर्शकों के मन में गहरी छाप छोड़ी है, जिसे नई पीढ़ी ने भी दोबारा प्रसारण के दौरान अपनाया। उनके अनुसार, उस प्रभाव की तुलना किसी भी नई प्रस्तुति से स्वाभाविक रूप से की जाएगी।


