पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम उत्पाद विभाग ने अवैध चुलाई शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ जुगसलाई और बागबेड़ा थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान करीब 290 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई, जबकि अवैध शराब बेचते हुए एक व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। मामले में झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत पांच अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की जा रही हैं।
निरीक्षक उत्पाद धालभूम प्रक्षेत्र कुमार सत्येंद्र के नेतृत्व में शनिवार रात अभियान की शुरुआत बागबेड़ा थाना क्षेत्र के वायरलेस मैदान के पास स्थित अवैध शराब बिक्री केंद्र से की गई। छापेमारी के दौरान कुछ स्थानीय महिलाओं ने कार्रवाई का विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने अभियान जारी रखते हुए मौके से बड़ी मात्रा में चुलाई शराब जब्त कर ली।
जुगसलाई में भी कई ठिकानों पर छापेमारी
इसके बाद टीम ने बागबेड़ा थाना के पीछे गुरुद्वारा मैदान के समीप पार्वती देवी के घर पर छापा मारकर अवैध शराब बरामद की। जुगसलाई थाना क्षेत्र के रेलवे लाइन किनारे खटिक मोहल्ला और दुखू मार्केट के सामने संचालित तीन अवैध शराब बिक्री केंद्रों पर भी एक साथ कार्रवाई की गई, जहां से भारी मात्रा में चुलाई शराब जब्त हुई।
छापेमारी के दौरान दुखू मार्केट निवासी गोपाल राय को अवैध चुलाई शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। उत्पाद विभाग ने पार्वती देवी, श्रवण खटिक, विनोद खटिक, गोपाल राय समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध चुलाई शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


