पूर्वी सिंहभूम। गोविंदपुर थाना क्षेत्र के अन्ना चौक के पास शनिवार को एसडी पब्लिक स्कूल की बस की चपेट में आने से सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया।
मृत बच्ची की पहचान गोविंदपुर निवासी रूही कुमारी के रूप में हुई है। हादसे में गोविंदपुर निवासी 11 वर्षीय रेहान और 21 वर्षीय रोशन शर्मा घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद लोगों ने किया सड़क जाम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अन्ना चौक के पास स्कूल बस की चपेट में आने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कूल बस को जब्त कर लिया। बताया गया कि हादसे के बाद चालक बस लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने टेल्को बीएड कॉलेज के पास उसे पकड़ लिया।
बस जब्त, चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू
गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बस को जब्त कर लिया गया है। चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
घटना की खबर मिलते ही मृत बच्ची के परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


