Homeबिहारमैरवा स्टेशन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत

मैरवा स्टेशन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत

सीवान। सीवान-भटनी रेलखंड के मैरवा रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह मालगाड़ी की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

20 मिनट बाद हुई मृतक की पहचान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार सुबह मैरवा रेलवे स्टेशन से मालगाड़ी गुजर रही थी। इसी दौरान एक युवक उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलने पर रेल पुलिस के साथ भाकपा माले नेता शंकर कुशवाहा और अन्य स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। करीब 20 मिनट बाद मृतक की पहचान मैरवा बाजार के वार्ड संख्या तीन निवासी स्वर्ण व्यवसायी अशोक वर्मा के पुत्र राजीव कुमार वर्मा उर्फ रिंकू वर्मा के रूप में हुई।

जांच में जुटी जीआरपी

पहचान होने के बाद रेल पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। जीआरपी की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments