Homeअन्तर्राष्ट्रीयसुराब में पाकिस्तानी हवाई हमले का दावा, 30 से अधिक लोगों की...

सुराब में पाकिस्तानी हवाई हमले का दावा, 30 से अधिक लोगों की मौत का आरोप

इस्लामाबाद/सुराब। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के सुराब इलाके में कथित पाकिस्तानी हवाई हमले को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। ‘द रिपब्लिक ऑफ बलूचिस्तान’ की ओर से जारी बयान में दावा किया गया है कि सुराब के गुदार इलाके में पाकिस्तानी वायुसेना ने नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाकर बमबारी की, जिसमें 30 से अधिक लोगों की मौत हुई और दर्जनों लोग घायल हुए। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

बयान में महिलाओं और बच्चों समेत आम नागरिकों के मारे जाने का दावा किया गया है। संगठन ने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सेना और वायुसेना ने सुराब तथा आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर बमबारी और गोलीबारी की। इससे नागरिकों और उनकी संपत्तियों को नुकसान पहुंचा।

घायलों को हिरासत में लेने का आरोप

संगठन ने दावा किया कि घायल नागरिकों को सुरक्षा बलों ने हिरासत में ले लिया। स्थानीय लोगों और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य से भी रोका गया। अस्पतालों के आसपास सैन्यकर्मियों की तैनाती और डॉक्टरों पर दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

स्थानीय निवासियों के हवाले से इलाके में ड्रोन और कोबरा गनशिप हेलीकॉप्टरों के गश्त करने की बात कही गई है। संगठन का दावा है कि इंटरनेट सेवाएं पहले से बंद हैं। इसके कारण घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी और इलाज में देरी से भी कुछ लोगों की मौत हुई।

अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की अपील

‘द रिपब्लिक ऑफ बलूचिस्तान’ ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मामले का संज्ञान लेने की अपील की है। संगठन ने बलूच नागरिकों के जीवन और मौलिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए हस्तक्षेप की मांग की है।

सुराब और आसपास के क्षेत्रों में हाल के महीनों में सुरक्षा अभियानों और हिंसक घटनाओं की खबरें सामने आती रही हैं। जुलाई 2026 में पाकिस्तान की सेना ने सुराब और मस्तुंग में अभियान के दौरान 10 संदिग्ध आतंकियों के मारे जाने का दावा किया था।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments