रांची। झारखंड में छात्र आंदोलन के दौरान कथित लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के सांसदों ने गुरुवार को संसद भवन परिसर स्थित मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में सांसदों ने छात्रों के साथ कथित अन्याय का विरोध करते हुए उनकी मांगों को संसद तक उठाने का दावा किया।
प्रदर्शन के दौरान आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में पिछले 20 दिनों से छात्र आंदोलनरत हैं और राज्य सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और झामुमो के शासन में नौकरियों में अनियमितताएं हुई हैं तथा छात्रों की सीबीआई जांच की मांग को सरकार को तत्काल स्वीकार करना चाहिए।
साहू ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यदि उनमें नैतिकता है तो उन्हें झारखंड आकर छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद करना चाहिए तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सीबीआई जांच की मांग पूरी कराने के लिए दबाव बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के अधिकार, रोजगार और न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा सांसदों ने राहुल गांधी और हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा कथित लाठीचार्ज को लेकर राज्य सरकार से माफी और इस्तीफे की मांग की।
इस प्रदर्शन में आदित्य साहू के अलावा निशिकांत दुबे, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, बीडी राम, ढुल्लू महतो, मनीष जायसवाल सहित कई भाजपा सांसद मौजूद रहे।



