Homeझारखंडजमशेदपुरचाईबासा में भाजपा की तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, शहर राष्ट्रभक्ति के...

चाईबासा में भाजपा की तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा

पश्चिमी सिंहभूम। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पश्चिमी सिंहभूम जिला भाजपा की ओर से गुरुवार को चाईबासा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ डीपीएस प्लस टू हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकले प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान प्रकट करने का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत घंटाघर के पास से हुई और यह शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः घंटाघर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में तिरंगे के साथ चल रहे कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण को देशप्रेम के रंग में रंग दिया।

पूर्व मंत्री एवं पूर्व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास और देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों के योगदान से परिचित कराना है।

भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और बलिदानियों को सम्मान देने का अवसर मिलता है।

वरिष्ठ भाजपा नेता जेबी तुबिद ने कहा कि हाथों में तिरंगा लेकर शहर की सड़कों पर निकलना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने और नई पीढ़ी को राष्ट्रीय पर्व के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया गया।

भाजपा नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार ने कहा कि स्वतंत्र भारत की यात्रा में अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश पुरी, प्रताप कटियार महतो, रोहित दास, बिरजू रजक, अनंत सायनम, भूषण पाठ पिंगुवा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विद्यार्थी और अन्य नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments