हजारीबाग। 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत गुरुवार को कर्जन मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित किया गया। रिहर्सल में प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयुक्त ने पुलिस उपमहानिरीक्षक हजारीबाग और सार्जेंट मेजर के साथ विभिन्न प्लाटूनों का निरीक्षण किया। उन्होंने परेड में शामिल जवानों और टुकड़ियों की तैयारियों, अनुशासन, वर्दी तथा कदमताल का जायजा लिया। इसके बाद राष्ट्रीय गीत वादन के पश्चात झंडोत्तोलन कर राष्ट्रीय तिरंगे को सलामी दी। झंडोत्तोलन के बाद डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।
रिहर्सल के दौरान विभिन्न प्लाटूनों ने अपने-अपने कमांडरों के नेतृत्व में अनुशासित और आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया। प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने और समारोह के दौरान समय का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का पर्व है, इसलिए समारोह की प्रत्येक व्यवस्था गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित होनी चाहिए। संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने तथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने परेड में शामिल जवानों और पुलिसकर्मियों की वर्दी साफ-सुथरी एवं व्यवस्थित रखने तथा परेड प्रदर्शन के दौरान अनुशासन और कार्यक्रम की गरिमा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, सार्जेंट मेजर सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



