Homeक्राइमटेल्को में टाइगर मोबाइल जवानों से मारपीट, युवक हिरासत में

टेल्को में टाइगर मोबाइल जवानों से मारपीट, युवक हिरासत में

पूर्वी सिंहभूम। टेल्को थाना क्षेत्र के हुडको में बंद पड़े टाटा मोटर्स के एक क्वार्टर में जन्मदिन मनाने पहुंचे युवक और गश्त कर रहे टाइगर मोबाइल जवानों के बीच बुधवार रात विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में टाइगर मोबाइल जवान सुजीत कुमार के सिर में चोट लगी, जबकि उनके साथी जवान चुन्नू राम सोरेन के साथ भी हाथापाई किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने ट्रक पार्क निवासी आदित्य करवा को हिरासत में लिया है।

बताया गया कि आदित्य करवा अपना 18वां जन्मदिन मनाने के लिए एक युवती के साथ हुडको स्थित बंद क्वार्टर संख्या 152 में पहुंचा था। इसी दौरान क्षेत्र में गश्त कर रहे टाइगर मोबाइल जवान सुजीत कुमार और चुन्नू राम सोरेन की नजर क्वार्टर में मौजूद युवक-युवती पर पड़ी। सुनसान और बंद क्वार्टर में मौजूद होने को लेकर जवानों ने युवक से पूछताछ की। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।

पत्थर से सिर पर वार करने का आरोप

आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर आदित्य ने दोनों जवानों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसी क्रम में वहां पड़े पत्थर से सुजीत कुमार के सिर पर वार कर दिया गया, जिससे वह घायल हो गए। वहीं चुन्नू राम सोरेन के साथ भी मारपीट किए जाने और उन्हें दांत से काटने का आरोप है।

घटना की सूचना मिलने के बाद टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आदित्य को हिरासत में लेकर थाने ले आई। घटना के बाद दोनों घायल जवानों का प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ मामले से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटाई। मौके पर एक अन्य युवक और युवती के मौजूद होने की बात भी सामने आई है।

टेल्को थाना प्रभारी सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और विवाद के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments