कोलकाता। पश्चिम बंगाल के जमुरिया थाना इलाके में एक अजीबो-गरीब घटना घटी है। यहां आसमान से एक रहस्यमयी गोलाकार चीज बिल्डिंग से टकराकर जमीन के अंदर घुस गई है। गुरुवार सुबह करीब नौ बजे हुई इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वह चीज धातु की बनी हुई थी। इकरा गांव के कुछ स्थानीय लोगों ने दावा किया कि सुबह नौ बजे उन्होंने दो गोल धातु की वस्तुएं आसमान से तेज गति से नीचे आती देखीं। इनमें से एक ने गांव निवासी अनिल बाद्यकर के दोमंजिला मकान की छत का एक हिस्सा ध्वस्त कर दिया। इसके बाद यह मिट्टी में घुस गया। दूसरा गोला मगाराम बाद्यकर नामक निवासी के आंगन में गिरा है। इससे घर की बेटी झूलन बाद्यकर चोटिल हुई है। उनके शरीर के कई हिस्से जल गए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। यह गोला भी आंगन में गिरने के बाद धरती के अंदर समा गया। जमुरिया थाने की पुलिस जांच में जुट गई है। उनका कहना है कि गोले को खोद कर निकाला जाएगा। उसके बाद ही पता चल पाएगा कि आखिर यह क्या चीज है। स्थानीय लोग इसे उल्का पिंड होने का दावा कर रहे हैं।
आकाश से आया एक रहस्यमयी गोला, बिल्डिंग से टकराकर जमीन में घुसा
RELATED ARTICLES
