Homeक्राइमदहेज नहीं मिलने पर नवविवाहिता को पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप, मौत

दहेज नहीं मिलने पर नवविवाहिता को पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप, मौत

पलामू। जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के कसमार गांव में दहेज के बकाया 70 हजार रुपये नहीं मिलने पर नवविवाहिता को पेट्रोल डालकर जलाने का मामला सामने आया है। रांची रिम्स में कई दिनों तक इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पति और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी 20 वर्षीय नेहा कुमारी के रूप में हुई है। परिजन शुक्रवार को शव लेकर तरहसी थाना पहुंचे और पति पवन कुमार तथा ससुर महेंद्र राम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। इसके बाद मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

शादी के बाद दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप

परिजनों के अनुसार नेहा की शादी 25 नवंबर 2025 को कसमार निवासी पवन कुमार से हुई थी। विवाह के समय डेढ़ लाख रुपये दहेज तय हुआ था, जिसमें 80 हजार रुपये दिए गए थे, जबकि 70 हजार रुपये बकाया थे।

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही बकाया दहेज की रकम के लिए नेहा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि 10 जून को पति और ससुर ने मिलकर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

घटना के बाद नेहा का पहले मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे रांची ले जाया गया, जहां निजी अस्पताल के बाद रिम्स में भर्ती कराया गया। 25 जून को चिकित्सकों ने जवाब दे दिया। परिजन उसे घर वापस ला रहे थे, तभी 26 जून की सुबह रास्ते में उसकी मौत हो गई।

पति ने आरोपों से किया इनकार

पति पवन कुमार ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उसे यह जानकारी नहीं है कि पत्नी को किसने आग लगाई। उसका दावा है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वह उसे बचाने पहुंचा और इलाज के दौरान भी साथ रहा।

पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments