बजट में कर प्रक्रियाओं को सरल बनाकर व्यापारियों को राहत देने का प्रयास: आदित्य मल्होत्रा

रांची। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, इनकम टैक्स बार एसोसिएशन और कमर्शियल टैक्स बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को चेंबर भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयकर और जीएसटी से संबंधित संशोधनों पर विशेषज्ञों की ओर से विस्तृत जानकारी दी गई।

चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि आम बजट 2026 में कर प्रक्रियाओं को सरल बनाकर व्यापारियों को राहत देने का प्रयास किया गया है। इनकम टैक्स और जीएसटी में किए गए संशोधन व्यापार एवं उद्योग जगत के लिए राहतकारी हैं।

इस दौरान उन्होंने आम बजट 2026 पर आयकर एवं जीएसटी से जुड़े संशोधनों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में कर विशेषज्ञों ने बजट में किए गए प्रमुख बदलावों की जानकारी दी। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद पसारी ने भी बैठक को संबोधित करते हुए बजट को करदाताओं एवं व्यापारियों के लिए संतुलित बताया।

वरीय अधिवक्ता महेन्द्र चौधरी एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट रघु कौशल ने आयकर संशोधनों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आयकर अधिनियम की धारा 139 एवं 263 में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अपडेटेड, बिलेटेड और रिवाइज्ड रिटर्न से संबंधित समय-सीमा बढ़ाए जाने से करदाताओं को राहत मिलेगी। वहीं सीए आदित्य शाह और अधिवक्ता संजय गोयल ने जीएसटी संशोधनों पर चर्चा करते हुए बताया कि क्रेडिट नोट से जुड़े विवादों में सरकार ने बड़ी राहत दी है।

बैठक में बड़ी संख्या में अधिवक्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और व्यापारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *