मोहर्रम के बाद दरभंगा में बवाल, घरों-दुकानों में तोड़फोड़; छह गिरफ्तार

दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र के बरिऔल चौक में मोहर्रम के ताजिया विसर्जन और पहलाम के बाद रविवार रात हिंसा भड़क गई। उपद्रवियों ने कई घरों, दुकानों और मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की। घटना में छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

घरों, दुकानों और मंदिर को बनाया निशाना

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात कुछ लोगों ने बरिऔल चौक और आसपास के इलाकों में जमकर उत्पात मचाया। कई घरों और दुकानों में तोड़फोड़ की गई। मंदिर की चहारदीवारी को नुकसान पहुंचाया गया, दुकानों के शीशे तोड़े गए और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। कई मकानों की एस्बेस्टस शीट भी तोड़ी गई। रास्ते में मिले लोगों के साथ मारपीट की गई।

छह घायल, पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जाले रेफर किया गया। पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

चार साल पुराने विवाद से जुड़ा मामला

पुलिस के अनुसार, घटना की पृष्ठभूमि करीब चार वर्ष पहले हुए एक अंतरधार्मिक प्रेम विवाह से जुड़ी बताई जा रही है। बताया गया कि संबंधित युवक मोहर्रम कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा था, जहां उसकी कुछ लोगों से कहासुनी और हाथापाई हुई। इसके बाद कुछ लोग उसे खोजते हुए उसके गांव पहुंचे, जिसके बाद उपद्रव और तोड़फोड़ की घटना हुई।

इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

एसडीपीओ कमतौल शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि बरिऔल और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि घटना में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *