Homeखेलदो साल बाद फिर हॉकी का महायुद्ध, प्रो लीग में भारत-पाकिस्तान आमने-सामने

दो साल बाद फिर हॉकी का महायुद्ध, प्रो लीग में भारत-पाकिस्तान आमने-सामने

नई दिल्ली : भारतीय पुरुष हॉकी टीम एफआईएच पुरुष प्रो लीग 2025–26 के लंदन चरण में 23 से 28 जून तक मैदान में उतरेगी। इस चरण का सबसे बड़ा आकर्षण भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले दो मुकाबले होंगे। भारतीय टीम मेज़बान इंग्लैंड से भी दो बार भिड़ेगी। नीदरलैंड के रॉटरडैम चरण के बाद भारतीय टीम लंदन पहुंच रही है, जहां उसने चार मुकाबलों में दो जीत दर्ज कर आत्मविश्वास हासिल किया था। अब टीम का लक्ष्य इस लय को आगे बढ़ाते हुए अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करना होगा।
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले विशेष चर्चा में हैं, क्योंकि लगभग दो वर्ष बाद दोनों टीमें अंतरराष्ट्रीय मंच पर आमने-सामने होंगी। दोनों देशों की पिछली भिड़ंत 2024 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में हुई थी, जहां भारत ने 2-1 से जीत दर्ज की थी। पिछले दस वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें, तो भारत का पलड़ा पूरी तरह भारी रहा है। इस अवधि में दोनों टीमों के बीच 17 मुकाबले हुए, जिनमें भारत ने 15 जीते जबकि दो मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए। भारतीय टीम ने रॉटरडैम चरण की शुरुआत मेज़बान नीदरलैंड से 2-3 की करीबी हार के साथ की थी, लेकिन इसके बाद विश्व चैंपियन जर्मनी को 3-1 से हराकर शानदार वापसी की। वापसी मुकाबले में जर्मनी से 1-2 की हार मिली, लेकिन टीम ने अंतिम मैच में नीदरलैंड को 3-2 से हराकर अभियान सकारात्मक अंदाज़ में समाप्त किया। मुख्य प्रशिक्षक क्रेग फुल्टन ने लंदन चरण से पहले कहा कि टीम ने नीदरलैंड चरण में कई सकारात्मक प्रदर्शन किए और तैयारी का असर मैदान पर दिखाई दिया। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले को लेकर कहा कि टीम को इसे सामान्य मैच की तरह लेना होगा और अपनी प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित करना होगा। इंग्लैंड को लेकर उन्होंने कहा कि यह इस समय अच्छी लय में चल रही टीम है और भारतीय खिलाड़ी इस चुनौती के लिए तैयार हैं। अंक तालिका में भारत फिलहाल 10 अंकों के साथ आठवें स्थान पर है। इंग्लैंड 26 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद है, जबकि पाकिस्तान अब तक अंक नहीं जुटा सका है और नौवें स्थान पर है। तीनों टीमों ने अब तक 12-12 मुकाबले खेले हैं।
भारत अपने लंदन अभियान की शुरुआत 23 जून को पाकिस्तान के खिलाफ करेगा। इसके बाद 25 जून को इंग्लैंड से मुकाबला होगा। 26 जून को फिर पाकिस्तान और 28 जून को इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम मैच खेला जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments