Homeअन्तर्राष्ट्रीयAI समिट में प्रदर्शन पर बरसे मोदी ,विकास बनाम ‘जहरीली राजनीति विपक्ष

AI समिट में प्रदर्शन पर बरसे मोदी ,विकास बनाम ‘जहरीली राजनीति विपक्ष

मेरठ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ की जनसभा को राजनीतिक तेवर देते हुए विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस, पर तीखा हमला बोला और विकास बनाम “जहरीली राजनीति” को आगामी दौर की मुख्य लड़ाई बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए देश और उत्तर प्रदेश का विकास सर्वोपरि है, जबकि कुछ दल भारत की उपलब्धियों को स्वीकार करने के बजाय उसे विवादों में घसीटने में लगे हैं।

नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो के लोकार्पण अवसर पर आयोजित सभा में प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की “डबल इंजन सरकार” शिलान्यास से लेकर लोकार्पण तक परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने की कार्यसंस्कृति पर चलती है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों में परियोजनाएं वर्षों तक लटकी रहती थीं।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि हाल में आयोजित वैश्विक एआई सम्मेलन जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम को भी उसने राजनीतिक विवाद का विषय बना दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश के सम्मान से जुड़ा था, न कि किसी राजनीतिक दल से, लेकिन कांग्रेस ने मर्यादा तोड़ते हुए देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया।

उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दल भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा और विकास यात्रा को पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि “विपक्ष” शब्द का प्रयोग कर पूरे विपक्ष को एक साथ न जोड़ा जाए, बल्कि जिस दल की भूमिका हो, उसका स्पष्ट उल्लेख किया जाए।

प्रधानमंत्री ने 2014 से पहले और बाद की स्थिति की तुलना करते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान दंगों, अपराध और खराब कानून व्यवस्था से होती थी, जबकि आज प्रदेश ब्रह्मोस निर्माण, मोबाइल फोन विनिर्माण, सेमीकंडक्टर परियोजनाओं और नए औद्योगिक निवेश के लिए जाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार से व्यापार और निवेश का माहौल मजबूत हुआ है।

उन्होंने समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय अपराधी बेखौफ घूमते थे, जबकि अब सख्त कार्रवाई से कानून का राज स्थापित हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

प्रधानमंत्री ने लघु और कुटीर उद्योगों, एमएसएमई, किसानों और बुनकरों के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार छोटे शहरों और कारीगरों की क्षमता को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बजट में घोषित विशेष कोष और निर्यात नियमों में ढील का जिक्र करते हुए इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए लाभकारी बताया।

सभा के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का विकास ही विकसित भारत की आधारशिला है और भाजपा की डबल इंजन सरकार इसी लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments