Ranchi से Delhi जा रही रेडबर्ड एयरवेज प्रा. लि. की एयर एंबुलेंस सोमवार शाम Kasiatu Jungle में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई।
एयर एंबुलेंस ने शाम 7:11 बजे Birsa Munda Airport से उड़ान भरी थी। 7:34 बजे कोलकाता एटीसी से विमान का संपर्क टूट गया। इसके बाद रात 8:05 बजे रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर को सक्रिय किया गया।
विमान में दो पायलट — कैप्टन विवेक और कैप्टन सबराजदीप — के अलावा मरीज संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना देवी, भगीना ध्रुव कुमार, डॉ. विकास कुमार गुप्ता और पैरामेडिक सचिन कुमार मिश्रा सवार थे।
Simaria थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे की पुष्टि चतरा एसपी सुमित अग्रवाल ने की। उन्होंने बताया कि देर रात तक सभी शव बरामद कर लिए गए हैं।
प्रारंभिक रिपोर्ट में खराब मौसम को संभावित कारणों में शामिल किया गया है। सोमवार देर शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया था। तेज हवा और झमाझम बारिश के कारण विजिबिलिटी कम हो गई थी। बताया जा रहा है कि विमान अपने निर्धारित रूट से दाईं ओर डायवर्ट हो गया था और संभवतः रास्ता भटक गया।
ग्रामीणों के अनुसार, रात करीब 7:45 बजे जंगल की ओर से जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
विशेषज्ञों के अनुसार, एयर एंबुलेंस दुर्घटना के पीछे तकनीकी और परिचालन संबंधी कारण भी हो सकते हैं। इंजन फेल होना, सिस्टम फंक्शन में गड़बड़ी या प्रतिकूल मौसम की स्थिति जैसी परिस्थितियां हादसे की वजह बन सकती हैं।
प्रशासन ने दुर्घटना की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। ब्लैक बॉक्स की तलाश की जा रही है ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
