HomeBreaking Newsअजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से लिया संन्यास, कहा- हर...

अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से लिया संन्यास, कहा- हर शुरुआत का एक अंत होता है

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। रहाणे ने बुधवार को सोशल मीडिया पर भावुक संदेश जारी करते हुए 20 साल से अधिक लंबे क्रिकेट सफर को विराम देने का फैसला बताया।

भावुक संदेश में रहाणे ने कही दिल की बात

रहाणे ने कहा, “जिंदगी की सच्चाई यही है कि हर शुरुआत का एक अंत होता है। जब वह समय आता है तो उसका सम्मान करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। बल्लेबाजी में मैंने हमेशा सही समय और संतुलन पर भरोसा किया। आज मुझे लगता है कि आगे बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सहित सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का यही सही समय है।”

उन्होंने अपने क्रिकेट सफर को याद करते हुए कहा कि डोंबिवली से एक छोटे बच्चे के रूप में अभ्यास के लिए जाने से लेकर भारत की टोपी पहनने तक का सफर उनके लिए बेहद खास रहा। उन्होंने कहा कि देश और टीम हमेशा उनके लिए सबसे ऊपर रहे और उन्होंने पूरी ईमानदारी से क्रिकेट खेला।

भारत की कई ऐतिहासिक जीतों में निभाई अहम भूमिका

रहाणे ने अपने करियर के दौरान विदेशी धरती पर कई यादगार पारियां खेलीं। वर्ष 2014 में लॉर्ड्स टेस्ट में लगाया गया उनका शतक भारत की ऐतिहासिक जीत में अहम साबित हुआ। इसके अलावा 2020 में मेलबर्न क्रिकेट मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई उनकी शतकीय पारी भारतीय क्रिकेट की यादगार पारियों में शामिल है।

2022 में टीम से बाहर होने के बाद रहाणे ने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर वापसी की। उन्होंने 2023 की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भारत का प्रतिनिधित्व किया और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली पारी में 89 रन बनाए। यह उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साबित हुआ।

रहाणे का शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर

अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए 195 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। इसमें 85 टेस्ट, 90 एकदिवसीय और 20 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले शामिल हैं। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 85 मैचों की 144 पारियों में 5,077 रन बनाए, जिसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं।

वहीं, एकदिवसीय क्रिकेट में उन्होंने 90 मैचों में 2,962 रन और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 20 मैचों में 375 रन बनाए। आईपीएल में भी रहाणे का लंबा करियर रहा, जहां उन्होंने 212 मुकाबलों में हिस्सा लिया।

रहाणे ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड, मुंबई क्रिकेट संघ, अपने साथियों, कोचों, आईपीएल टीमों, परिवार और प्रशंसकों का आभार जताते हुए कहा कि क्रिकेट ने उन्हें बहुत कुछ दिया है और अब वह अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों की मदद करना चाहते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments